चार दिन से लापता 5 वर्षीय मासूम का शव पोखरे में मिला, मुबारकपुर के सिकठी गांव में मातम
घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में चार दिन से लापता 5 वर्षीय मासूम का शव रविवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरे में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान सिकठी गांव के उत्तर मोहल्ला निवासी मोहम्मद वहाबुद्दीन के पुत्र मोहम्मद आरिज (5) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आरिज चार दिन पहले घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना मुबारकपुर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी।
रविवार दोपहर ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित एक पोखरे में एक मासूम का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे गांव में गम और मातम का माहौल है।