Top News

गोरखपुर चिल्लूपार के विकास का विजन लेकर CM योगी से मिले राजेश त्रिपाठी, 100 सड़कों से लेकर कार्गो एयरपोर्ट तक उठाए कई बड़े मुद्दे

100 प्रमुख सड़कों की मरम्मत, गोला में सिविल कोर्ट, सर्किल रेट में बढ़ोतरी और कार्गो एयरपोर्ट समेत कई मांगों पर मुख्यमंत्री को सौंपा अनुरोध पत्र
गोरखपुर।
चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम चिल्लूपार विधायक एवं विधान मंडल दल के सचेतक राजेश त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से मंत्रणा की और विभिन्न मांगों को लेकर अनुरोध पत्र भी सौंपा।
विधायक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र की 100 प्रमुख सड़कों की सूची मुख्यमंत्री को सौंपी है। उन्होंने बताया कि इनमें कई सड़कें लंबे समय से खराब हैं। मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया कि बरसात के दौरान इन सड़कों को आवागमन योग्य बनाया जाए तथा बरसात के बाद विशेष मरम्मत कराकर उन पर एक लेयर का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
गोला तहसील में सिविल कोर्ट की स्थापना की मांग
विधायक ने बताया कि गोला तहसील मुख्यालय पर सिविल कोर्ट की स्थापना की मांग अधिवक्ताओं और आम जनता द्वारा लंबे समय से की जा रही है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने न्यायालय की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया।
सर्किल रेट बढ़ाने की मांग
राजेश त्रिपाठी ने कहा कि गोरखपुर जनपद में लंबे समय से सर्किल रेट में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसका सीधा असर किसानों को मिलने वाले भूमि मूल्य और सरकार के राजस्व पर पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गोरखपुर जनपद के सर्किल रेट में बढ़ोतरी की मांग की, जिससे किसानों को अपनी भूमि का उचित आर्थिक लाभ मिल सके।
3200 ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली का मुद्दा
विधायक ने बताया कि पिछले दिनों गोरखपुर के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के संगठन ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि करीब 20 वर्ष की सेवा के बावजूद प्रदेश के लगभग एक लाख ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की वेतन एवं सेवा नियमावली अब तक तैयार नहीं हो सकी है। इसके कारण योग्य और शिक्षित कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इस मुद्दे को भी उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष उठाते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली जल्द बनाए जाने का आग्रह किया।
धुरियापार में कार्गो एयरपोर्ट की मांग
विधायक ने बताया कि ग्रेटर गीडा क्षेत्र के औद्योगिक भविष्य को देखते हुए धुरियापार क्षेत्र में कार्गो एयरपोर्ट की स्थापना की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में स्थापित होने वाले उद्योगों को रेल और सड़क के साथ-साथ हवाई मार्ग के माध्यम से भी माल के तेज आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
चिल्लूपार में उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना पर चर्चा
राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज, बी.फार्मा कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना को लेकर भी गहन चर्चा हुई। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसके अलावा तीहा मुहम्मदपुर अंडरपास में जलभराव की गंभीर समस्या को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाते हुए उसके शीघ्र समाधान का अनुरोध किया गया। विधायक ने कोटेदारों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।
धुरियापार में उद्योगों के शिलान्यास का अनुरोध
विधान मंडल दल के सचेतक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने चिल्लूपार के पश्चिमी हिस्से में स्थित धुरियापार इंडस्ट्रियल एरिया (ग्रेटर गीडा) में प्रस्तावित अडानी और केयान ग्रुप के उद्योगों के शीघ्र शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री से समय देने का अनुरोध किया है।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में आयोजित होने वाले रुद्र महायज्ञ एवं सरयू अमृत महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य चिल्लूपार को ऐसा विकसित क्षेत्र बनाना है, जहां बेहतर सड़क, न्यायिक व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार, उद्योग और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी दिशा में उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और भविष्य की विकास योजनाओं को मजबूती से रखा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post