Top News

आज़मगढ़ चादर विक्रेता की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत, चार बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला पुरा खिजिर मंदिर के पास रविवार सुबह करीब आठ बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चादर विक्रेता की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
              मृत चादर विक्रेता रमेश गुजराती
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से गुजरात राज्य के अहमदाबाद जनपद स्थित अशोक नगर निवासी रमेश गुजराती (60 वर्ष) पिछले लगभग 20 वर्षों से मुबारकपुर के पुरानी बस्ती खटिक टोला मोहल्ले में रहकर फेरी लगाकर चादर बेचने का काम करते थे। इसी व्यवसाय से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
बताया जाता है कि रविवार की सुबह रमेश गुजराती घर से पैदल चाय पीने के लिए निकले थे। वह चाय की दुकान से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
रमेश गुजराती अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी पत्नी का निधन पहले ही हो चुका है। परिवार में उनके चार बेटे और एक बेटी हैं। पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में मृतक के परिजन अजय कुमार ने मुबारकपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए वाहन को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post