गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज क्षेत्र स्थित खड़ेसरी गांव में आगामी 11 मई, सोमवार सायं 7 बजे राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। मानव शिक्षा सेवा संस्थान के तत्वावधान में साईं मंदिर परिसर में भारत माता मूर्ति अनावरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। क्षेत्र में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं जिला पंचायत सदस्य आलोक गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र सम्मान, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति को समर्पित एक प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि समारोह के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं ओम प्रकाश राजभर शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्यमंत्री डॉ. अरविंद राजभर अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
आयोजन समिति से जुड़ी समाज सेविका एवं भाजपा नेत्री पूनम गुप्ता तथा युवा मंच के राष्ट्रीय प्रभारी शिखर गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, दीप प्रज्ज्वलन, सम्मान समारोह तथा कई प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह समारोह सामाजिक एकता, राष्ट्र गौरव और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊर्जा देने का संदेश देगा।
रिपोर्टर सुषमा वर्मा