मुबारकपुर क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा: टहल रहे दंपति को चार पहिया वाहन ने मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी गंभीर
मुबारकपुर (आजमगढ़)। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव में रविवार की रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, गुजरपार गांव निवासी 45 वर्षीय मुन्नी लाल रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे भोजन करने के बाद अपनी 43 वर्षीय पत्नी सुमन देवी के साथ रोज की तरह सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर आजमगढ़ रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मुन्नी लाल की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी सुमन देवी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
मृतक के पुत्र विपिन कुमार ने सोमवार को मुबारकपुर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।