ई-रिक्शा पलटने से 14 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत, सहेलियां बाल-बाल बचींमुबारकपुर, आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलटने से 14 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके साथ सवार अन्य छात्राएं बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा मुबारकपुर-सठियांव मुख्य मार्ग पर सबा कॉन्वेंट स्कूल के सामने गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा में सवार मोहल्ला पुरारानी निवासी खदीजा (14) सड़क पर जा गिरी और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि खदीजा अपनी सहेलियों के साथ ई-रिक्शा से घर से मिल्लत नगर की ओर जा रही थी। हादसे में अन्य छात्राएं सुरक्षित बच गईं।
परिजनों के मुताबिक, खदीजा अंसार गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 8 की छात्रा थी। वह एक भाई और पांच बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। बेटी की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला। सूचना मिलते ही मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ई-रिक्शा और चालक को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।