बाढ़ पीड़ितों के बीच विधायक राजेश त्रिपाठी ने बांटी राहत सामग्री, 300 से अधिक परिवारों को मिली राशन किट
बड़हलगंज/गोरखपुर। गोला तहसील के अंतर्गत बड़हलगंज क्षेत्र के पटना चौकी, ज्ञानकोल और बगहा गांव में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच सोमवार को राहत सामग्री का वितरण किया गया। चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर चिन्हित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
इस दौरान 300 से अधिक बाढ़ पीड़ित परिवारों को राशन किट वितरित की गई। राशन किट में दाल, चावल, चीनी, तेल, आटा सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल रही।
राहत सामग्री वितरण के दौरान उपजिलाधिकारी मनीष कुमार, नायब तहसीलदार जयप्रकाश, राजस्व निरीक्षक राजेश सिंह, सरजू प्रसाद यादव सहित प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। राहत कार्य में क्षेत्र के 10 लेखपाल भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
मौके पर मौजूद लेखपालों में नवीन भारती, अतेश यादव, ओम प्रकाश सिंह, नवीन हायरस, महेन्द्र गौड़, मंजेश शर्मा, अरविन्द विश्वकर्मा, बिट्टू कुमार, अर्जुन कुमार और सुनील कुमार शामिल रहे।
विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसी भी परिवार को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार और प्रशासन हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों तक अतिरिक्त सहायता पहुंचाई जाए।
राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने विधायक राजेश त्रिपाठी और प्रशासन का आभार जताया। प्रशासन की ओर से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य लगातार जारी रखने की बात कही गई।