गोरखपुर गोला में पीडीए की जन पंचायत, विश्वकर्मा समाज के मुद्दों पर हुई चर्चा
गोला बाजार, गोरखपुर। गोला उपनगर के बेवरी चौराहे स्थित नारायण रिजॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल में मंगलवार को पीडीए के विश्वकर्मा समाज की जन पंचायत आयोजित की गई। कार्यक्रम में पिछली सपा सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करने के साथ ही वर्तमान सरकार पर पीडीए समाज के साथ कथित भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामाश्रय विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विश्वकर्मा समाज के लोगों के साथ ज्यादती और जुल्म की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने गाजीपुर, प्रतापगढ़, देवरिया और कानपुर सहित विभिन्न स्थानों पर हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आगामी चुनाव में अपने मत की ताकत का इस्तेमाल करना होगा।
विशिष्ट अतिथि चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, रोजगार, बिजली, पानी और सड़क जैसे मुद्दों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार की योजनाओं पर अपनी मुहर लगाकर वर्तमान सरकार उसका श्रेय ले रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से आगामी चुनावों में एकजुट होकर पीडीए की सरकार बनाने तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को चिल्लूपार के सपा प्रभारी मिर्जा कदीर बेग, जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, रामनगीना साहनी, रामनाथ यादव, अवधेश यादव, राजेश भारती और अजय कन्नौजिया सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चिल्लूपार विधानसभा के सपा विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत यादव ने की, जबकि संचालन यशपाल विश्वकर्मा ने किया।
इस अवसर पर श्रीकांत यादव, हरदेव यादव, जनार्दन यादव, प्रभाकर विश्वकर्मा, अरविंद यादव, भुनेश्वर चौबे, परमानंद दूबे, लालजी यादव, फूलचंद विश्वकर्मा, राजू प्रसाद, अरुण यादव, अजय दूबे, सत्यपाल पाण्डेय, अजय राय, भीम यादव और अक्षयवर रंजन भारती सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।