मुबारकपुर, आजमगढ़।
जगत शिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर 17 सितंबर को मुबारकपुर क्षेत्र में ग्रामीण और शहरी इलाकों में बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ विश्वकर्मा पूजा मनाई गई। कल-कारखानों, बिजली विभाग, लोहे के कारखानों तथा लकड़ी से संबंधित प्रतिष्ठानों में लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर एक दिन पूर्व से ही कल-कारखानों और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई तथा सजावट का कार्य शुरू कर दिया गया था। लोगों ने अपने-अपने वाहनों और दुकानों की साफ-सफाई कर शिल्प देव भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मुबारकपुर के ठाकुरद्वारा स्थित निर्माणाधीन श्री विश्वकर्मा मंदिर तथा नूरपुर सराय हाजी स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। दोनों स्थानों से निकली शोभायात्रा रोडवेज चौक पर पहुंची। इसके बाद जुलूस राम-जानकी मंदिर, छोटी अर्जेंटी, पुरानी बस्ती, सब्जी मंडी और कटरा मुबारकपुर होते हुए पुनः ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंचा। वहीं दूसरी शोभायात्रा अलीनगर चौक होते हुए नूरपुर सराय हाजी स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान डीजे की धुनों पर श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की आरती की। जगह-जगह प्रसाद का वितरण किया गया और लोगों ने एक-दूसरे के मंगल एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशि चंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ सतर्क रहे। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने पूरे जुलूस मार्ग पर विशेष निगरानी बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अध्यक्ष अंबिका विश्वकर्मा, नूरपुर के अध्यक्ष हरिश्चंद्र शर्मा, डॉ. नगीना, रामजीत विश्वकर्मा, दारू, महेश विश्वकर्मा, रवि विश्वकर्मा, हरिओम, राकेश विश्वकर्मा, ननकू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।