Top News

जमीन विवाद में विधवा और बेटी पर हमला, जान से मारने की धमकी का आरोप

जमीन विवाद में विधवा और बेटी पर हमला, जान से मारने की धमकी का आरोप
गगहा थाना क्षेत्र के नरौहा गांव का मामला, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम नरौहा निवासी एक विधवा महिला ने जमीन विवाद को लेकर दबंगों पर मारपीट, छेड़छाड़, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता उषा देवी पत्नी स्वर्गीय रामनिवास ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2008 में उनके पति स्वर्गीय रामनिवास ने रणवीर सिंह पुत्र रमाकांत उर्फ कान्ता निवासी भैसहा बुजुर्ग को 71 हजार 500 रुपये देकर 7 डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिस पर पक्की दीवार और झोपड़ी भी बनी थी। पति की मृत्यु 27 जनवरी 2022 को होने के बाद आरोपितों ने जमीन देने और पैसा लौटाने से इंकार कर दिया।
उषा देवी का कहना है कि वर्ष 2023 में गांव में पंचायत भी हुई थी, जिसमें कई ग्रामीण और बाहरी लोग मौजूद थे। पंचायत में 7 डिसमिल की जगह 3 डिसमिल जमीन लिखने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बावजूद न तो जमीन मिली और न ही रुपये वापस किए गए। बाद में आरोपितों द्वारा कथित रूप से कब्जे वाली जमीन पर तोड़फोड़ करते हुए सरकारी नल, ट्रांसफार्मर और पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया। मामले को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची थी तथा जमीन विवाद का मामला वर्तमान में बांसगांव तहसील के सिविल न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 14 मई 2026 को रामसिंह पुत्र रणवीर सिंह हाथ में धारदार हथियार लेकर कब्जे वाली जमीन पर पहुंचा और तोड़फोड़ करने लगा। विरोध करने पर उनकी बेटी प्रतिमा का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया तथा उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि दुपट्टा खींचकर अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। बीच-बचाव करने पहुंची उषा देवी को भी जमीन पर गिराकर गाली-गलौज और धमकी दी गई।
घटना के दौरान किसी ग्रामीण द्वारा डायल 112 पर सूचना देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि घटना से उनका पूरा परिवार भयभीत और परेशान है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post