Top News

विधायक राजेश त्रिपाठी ने चिल्लूपार में 32 किमी लम्बे एक नये वैकल्पिक सड़क की मांग

विधायक राजेश त्रिपाठी ने चिल्लूपार में 32 किमी लम्बे एक नये वैकल्पिक सड़क की मांग 
विधान सभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को एक याचिका के माध्यम से विधायक राजेश त्रिपाठी ने चिल्लूपार क्षेत्र में बड़हलगंज, गोला, उरुवा, बेलघाट, गगहा ब्लाक के सैकड़ों गांवों को जोड़ने वाले लगभग 32 किमी लम्बे एक नये वैकल्पिक सड़क को पीडब्ल्यूडी से निर्मित कराने की मांग की जिस पर विचार के लिए विधान सभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने स्वीकार कर लिया ।

इस आशय की जानकारी देते हुए चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि बड़हलगंज के पटना घाट से गोला बाजार होते हुए उरूवा बाजार तक जो सड़क आज उनके प्रयास से आज बन रही है, वह राम जानकी मार्ग नेशनल हाई वे हो चुका है जो आज 10 मीटर चौड़ी बन रही है, मगर निकट भविष्य में वह फोर लेन भी होनी ही है । इस अयोध्या-जनकपुर महामार्ग पर आने वाले समय में भयंकर ट्रैफिक का सामना चिल्लूपार के नागरिकों को करना पड़ेगा । जिससे क्षेत्र वासियों को भारी परेशानी उठानी पडेगी । ऐसे में एक ऐसे वैकल्पिक मार्ग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी । जिसे मूर्त रुप देने के लिए एक मार्ग तलाशा गया है और उसे बनाने का प्रस्ताव स्टीमेट के साथ पीडब्ल्यूडी गोरखपुर खंड से शासन को गत दिनों भेजवाया गया है । उसी वैकल्पिक मगर विशेष महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण के लिए एक याचिका बुधवार को हमारे द्वारा सदन के समक्ष प्रस्तुत की गयी जो 99 नम्बर पर थी और उसे सुनवाई और निर्देशित करने के लिए विधान सभा अध्यक्ष ने स्वीकार भी कर ली है ।

चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रस्तावित पांच मीटर चौड़ी यह सड़क नेशनल हाईवे गोरखपुर वाराणसी मार्ग पर बडहलगंज ब्लाक के चौंतीसा ग्राम से शुरू होकर सरयू नहर की उत्तरी पटरी होते हुए गोला ब्लाक के अहिरौली, खैरपार, चिट्ठेपार होते गगहा ब्लाक के सेमरी-चौकड़ी को जोडते हुए उरुवा ब्लाक के टडवाश्रीराम, नगवा प्रेम, चकसरया होते बेलघाट ब्लाक के मोरारपुर होते धुरियापार-शाहपुर मार्ग से जुड़ेगी। 
इस नयी सड़क के निर्माण से लगभग 120 गांव प्रत्यक्ष और लगभग 150 गांव अप्रत्यक्ष सड़क से जुड जायेगें जिससे इन 250 से अधिक गांवों के निवासियों का आवागमन भी सुलभ तो होगा ही साथ इस लम्बी वैकल्पिक सड़क के निर्माण से इसके किनारे स्वरोजगार और नौकरी के भी अवसर चिल्लूपार वासियों को उपलब्ध होंगें ।

Post a Comment

Previous Post Next Post