अंबेडकर जयंती पर ग्राम सभा मरवट में भव्य आयोजन-
गोरखपुर। बड़हलगंज क्षेत्र के अंतर्गत स्थित ग्राम सभा मरवट में मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को सुबह 10:00 बजे संविधान निर्माता डॉ. बाबा भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश त्रिपाठी रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर वार्ड नंबर 46 के जिला पंचायत सदस्य आलोक गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुन्ना निषाद सहित गांव एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम सभा एवं आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक राजेश त्रिपाठी ने बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्गों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं, जिला पंचायत सदस्य आलोक गुप्ता ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि मानव शिक्षा सेवा संस्थान कार्यालय से लगभग 500 मीटर की दूरी पर “डॉ. भीमराव अंबेडकर मिनी स्टेडियम” का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस स्टेडियम परिसर में बाबा साहब की लगभग 250 फीट ऊंची विश्वस्तरीय प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।